हल्द्वानी शुद्धीकरण विवाद पर घमासान, राहुल गांधी के वार पर CM धामी का पलटवार

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धीकरण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना को बीजेपी-आरएसएस की मानसिकता से जोड़ते हुए कहा कि आज लड़ाई संविधान और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के बीच है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों को प्रगति और सम्मान से रोकने की मानसिकता दिखाई जा रही है।

राहुल गांधी के बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर मुद्दाविहीन होने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में जाति के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान धार्मिक नारे लगाए गए थे और रामलीला मैदान में गंदगी भी हुई थी। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन का स्थान है, इसलिए स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोगों ने वहां शुद्धीकरण किया। सीएम ने स्पष्ट किया कि शुद्धीकरण करने वाली संस्था का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।

खड़गे के कथित अपमान पर धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को यह तक पता नहीं कि मल्लिकार्जुन खड़गे किस जाति से हैं, ऐसे में जातिगत अपमान का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कांग्रेस पर यूजीसी, धर्मांतरण कानून, दंगा नियंत्रण कानून और अतिक्रमण हटाने जैसी सरकार की कार्रवाइयों का विरोध करने का आरोप भी लगाया। सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को सुरक्षित बनाना है और वह प्रदेश के बच्चों को असुरक्षित उत्तराखंड नहीं देना चाहते।