भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए चार राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं।
दिल्ली बीजेपी की कमान अब हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। वे केंद्र सरकार में राज्यमंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं और परिवहन मंत्रालय में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पहले दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का पद वीरेंद्र सचदेवा संभाल रहे थे। अब पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने के लिए हर्ष मल्होत्रा पर भरोसा जताया है।
पंजाब में बीजेपी ने सुनील जाखड़ की जगह सरदार केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। केवल सिंह ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में संगरूर लोकसभा उपचुनाव और बरनाला विधानसभा उपचुनाव में भी चुनाव लड़ा था। ढिल्लों पंजाब के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाते हैं और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। अगले साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने यह अहम बदलाव किया है।
वहीं हरियाणा बीजेपी की जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता को दी गई है। उन्होंने मोहन लाल बड़ौली की जगह प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाला है। इससे पहले डॉ. अर्चना गुप्ता बीजेपी की प्रदेश महामंत्री और पानीपत की जिलाध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
इसके अलावा बीजेपी ने अभिषेक देबराय को त्रिपुरा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी का मानना है कि इन नए चेहरों के जरिए संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी की जाएगी।



Subscribe Our Channel










