उत्तराखंड में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हरिद्वार जिले के कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा चौकी इलाके में बाइक सवार युवकों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की दोपहर को इमलीखेड़ा क्षेत्र में चार युवक एक बाइक पर सवार थे। आरोप है कि ये युवक एक बाइक सवार व्यक्ति और महिला के पास से गुजरते हुए अचानक तमंचे से आसमान की ओर फायर कर देते हैं। फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना का पूरा वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
इसके अलावा, इमलीखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी नाबालिग बेटी को लगातार धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। आरोप है कि कॉल करने वाले लोग उसे ब्लैकमेल कर पढ़ाई छोड़ने और घर से उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



Subscribe Our Channel











