अचानक उत्तराखंड पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, कई बड़े नेताओं को भनक तक नहीं

10
खबर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अचानक उत्तराखंड के मसूरी पहुंचे, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। उनका यह पूरा दौरा गोपनीय रखा गया, जिससे राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन ने मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और मसूरी क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की बात भी कही।

कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन सक्रिय है और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। साथ ही क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई।

बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि कैबिनेट मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में सड़क, पेयजल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनका सकारात्मक असर जनता के बीच दिखाई दे रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं।

दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह भी किया। इस दौरे को पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया है।