देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक परिधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। पीली साड़ी और पारंपरिक नथ पहने महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। एयरपोर्ट से लेकर देहरादून शहर तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ, फूल-मालाओं और पार्टी के झंडों के साथ उनका अभिनंदन किया।
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 29 मई को नितिन नवीन टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ अहम बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, विपक्ष की रणनीति और जनता के बीच सरकार की छवि जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा इस बार केवल बड़े चुनावी वादों और जनसभाओं पर निर्भर रहने के बजाय संगठनात्मक मजबूती, लाभार्थियों तक सीधा संवाद और छोटे लेकिन प्रभावी कार्यक्रमों पर फोकस कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इसी रणनीति को लेकर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।
बैठकों के बाद नितिन नवीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शामिल होंगे। दौरे के तीसरे दिन वे बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के दायित्वधारियों के साथ भी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी इस दौरे के जरिए संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी हुई है।



Subscribe Our Channel










