दिव्यांग किशोरी के गर्भवती मिलने से खुला मामला, ताऊ पर दुष्कर्म का आरोप

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रिश्तों को शर्मनाक मामला सामने आया है। एक 16 वर्षीय दिव्यांग किशोरी के साथ उसके रिश्ते के ताऊ पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उसके करीब तीन माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर एसआई बबीता टम्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और किशोरी से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसके ताऊ पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि सामाजिक लोकलाज के चलते परिवार ने घटना की जानकारी पहले पुलिस को नहीं दी थी।

कोतवाली पुलिस के अनुसार किशोरी की हालत फिलहाल ठीक नहीं है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया है कि किशोरी दिव्यांग होने के कारण ठीक से बोल नहीं पाती है और उसे समय-समय पर दौरे भी पड़ते हैं। पुलिस मामले में उपलब्ध तथ्यों और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।