उत्तराखंड के रूद्रपुर जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गुरुवार को मुख्यमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान ठुकराल अपने समर्थकों के साथ सिटी क्लब पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, ठुकराल ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम बनाया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सिटी क्लब पहुंचने को कहा था। इसकी सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस सक्रिय हो गई और एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने ठुकराल को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं जाने की हिदायत दी। इस पर ठुकराल ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि वह किसी तरह का विरोध या हंगामा नहीं करेंगे और केवल मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें सिटी क्लब में ही नजरबंद कर दिया।
कुछ देर बाद ठुकराल समर्थकों के साथ बाहर निकलने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक ठुकराल को हिरासत में ले लिया।
इसके साथ ही पुलिस ने सुनील चुघ, रामसेवक, दिनेश कोहली, आनंद शर्मा, दिनेश पंत और सुखदेव हालदार को भी हिरासत में लिया। सभी को पुलिस वैन में बैठाकर ट्रांजिट कैंप पुलिस अपने साथ ले गई।
घटना के बाद रुद्रपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने से रोकने और हिरासत में लिए जाने को लेकर ठुकराल समर्थकों में नाराजगी देखी गई।



Subscribe Our Channel











