सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट का मामला, उर्मिला सनावर पर फिर दर्ज हुआ केस

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और अभद्र टिप्पणियों को लेकर उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए उसके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां कर रही थीं। महिला ने आरोप लगाया कि उसे मानसिक रूप से परेशान करने के साथ आत्महत्या के लिए भी उकसाया जा रहा था।

महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसके खिलाफ लगातार ऐसी सामग्री साझा की जा रही थी, जिससे उसकी छवि प्रभावित हो रही थी और वह मानसिक दबाव में थी। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड में पहले भी अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मामला भी शामिल है। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाने में आरती गौड़ की शिकायत पर भी उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरती गौड़ ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात नंबरों से धमकी भरे फोन आने लगे थे।

उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो को लेकर भी चर्चा में आई थीं। वीडियो में उन्होंने हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की अपील भी की थी। सोशल मीडिया पर वह खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताते हुए ‘एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर’ नाम का इस्तेमाल करती हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर सुर्खियों में रही थीं। उन्होंने कुछ राजनेताओं और सफेदपोश लोगों के मामले में शामिल होने के दावे किए थे। उनके बयानों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था।

जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे पूछताछ की गई थी। इस दौरान उन्होंने पुलिस को अपने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही थी।

फिलहाल, नए मुकदमे के बाद पुलिस सोशल मीडिया पर की गई कथित पोस्ट, संबंधित अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।