सीएम धामी ने बालिका छात्राओं संग सुना ‘मन की बात’, बोले– प्रेरणा का बड़ा माध्यम बन चुका है कार्यक्रम

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाकर लोगों को जनहित और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं, जिन्हें राज्य सरकार भी प्रोत्साहित कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने तथा आम सहित मौसमी फलों के उपयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रावास की बालिकाओं से संवाद भी किया और उनसे कार्यक्रम के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। ऐसे प्रयास न केवल व्यक्ति के विकास में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में भी सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्ठा और समर्पण से किए गए कार्य दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं और समाज में अच्छे उदाहरण स्थापित करते हैं।