उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पांच अपर निदेशकों को निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के तहत यह पदोन्नति राज्यपाल की स्वीकृति के बाद नियमित चयन प्रक्रिया के आधार पर की गई है। हालांकि पदोन्नति के बाद उनकी तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
जारी अधिसूचना के अनुसार पदोन्नत अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। यह पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-15 (₹1,44,200 से ₹2,18,200) के अंतर्गत आता है।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में डॉ. रमेश चन्द्र पन्त, डॉ. कमलेश कुमार पाण्डे, डॉ. जगदीश चन्द्र ध्यानी, डॉ. तरुण कुमार और डॉ. खड़क सिंह दाताल शामिल हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डॉ. तरुण कुमार की पदोन्नति नैनीताल उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि सेवानिवृत्त हो रहे निदेशकों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पदोन्नत अधिकारियों को संबंधित पदों पर कार्यभार ग्रहण कराने की प्रक्रिया महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाए।
इन पदोन्नतियों को विभागीय प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे निदेशक स्तर पर रिक्त पदों की भरपाई होने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और निगरानी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार यह पदोन्नति हाल ही में विभागीय मंत्री सुबोध उनियाल के कार्यभार संभालने के बाद उच्च स्तर पर पहली बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई है। लंबे समय से अपर निदेशक स्तर पर पदोन्नति प्रक्रिया लंबित थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
इसके साथ ही विभाग में आने वाले दिनों में और बड़े प्रशासनिक बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। राज्य के कई जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) और चिकित्सालयों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (CMS) के तबादलों की तैयारी भी चल रही है। सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन और कार्यप्रणाली के आधार पर कई अधिकारियों की सूची तैयार की गई है, जिनमें बदलाव संभव है।



Subscribe Our Channel











