नेपाल में तबाही से भावुक हुए सीएम धामी, उत्तराखंड ने भेजी राहत टीम, 8-10 दिन रहेगी

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा को लेकर  चिंता जताते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच बेहद गहरे संबंध हैं। संकट की इस घड़ी में भारत और उत्तराखंड नेपाल के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल से सामने आ रही घटनाओं और तस्वीरों ने सभी को भावुक किया है। इस मुश्किल समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और एकजुटता की भावना और मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से तत्काल बातचीत कर वहां की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही भारत की ओर से राहत एवं बचाव दल भेजे गए और नेपाल को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगी हुई है। राज्य के लोगों के नेपाल में पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंध भी हैं। इसी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से भी एक टीम नेपाल भेजी गई है। उन्होंने बताया कि यह टीम करीब आठ से दस दिन तक नेपाल में रहकर वहां की परिस्थितियों का जायजा लेगी और जरूरत के अनुसार राहत कार्यों में सहयोग करेगी।

उन्होंने बताया कि टीम के साथ तत्काल राहत के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है। टीम के वापस लौटने के बाद उसकी रिपोर्ट के आधार पर नेपाल में आगे की सहायता को लेकर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार उत्तराखंड सरकार नेपाल को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।