हल्द्वानी के स्पा सेंटरों पर AHTU का शिकंजाः छह सेंटरों पर कार्रवाई, 30 हजार जुर्माना

4
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच को लेकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) नैनीताल ने हल्द्वानी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया।

चेकिंग के दौरान कई स्पा सेंटरों में अभिलेखों और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि कुछ सेंटरों में ग्राहकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा था। वहीं, कई स्थानों पर कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।

अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की। इनमें ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा शामिल हैं। सभी छह सेंटरों से कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्देश दिए कि प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही ग्राहकों का पूरा और सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने कहा कि मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्पा सेंटरों समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।