हल्द्वानी में सीएम धामी का बड़ा संदेश: वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान ही किसी सभ्य समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और मार्गदर्शन समाज को सही दिशा प्रदान करता है तथा परिवार और समाज में उनका सम्मान होने से सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की सराहना की और कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना जैसी योजनाएं चला रही है। वहीं राज्य सरकार भी लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को 1500 रुपये मासिक पेंशन डीबीटी के माध्यम से प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में वृद्धाश्रमों का विस्तार किया जा रहा है तथा रुद्रपुर में आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण चल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पहली बार मानव संसाधन तैयार किए जा रहे हैं, जिससे बुजुर्गों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 13 वरिष्ठ नागरिकों और खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर कई मंत्री, विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।