उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की मदद से की गई इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि आवास विकास तिराहे के पास स्थित सन सिटी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर बने कोहिनूर स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि होने पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने तुरंत मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विकास कुमार (22), ओमविजय (28) और स्पा संचालक हरीश साह (39) शामिल हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। स्पा सेंटर के अंदर कई कमरे मिले, जहां चार महिलाओं को रखा गया था। पुलिस ने सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पीड़ित महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उन्हें स्पा सेंटर में काम के बहाने लाया गया था, लेकिन बाद में दबाव और लालच देकर अनैतिक कार्यों के लिए मजबूर किया गया। उनका आरोप है कि संचालक और उसके सहयोगी इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे।
पुलिस ने मौके से कस्टमर एंट्री रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। बरामद मोबाइल फोन भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेस्क्यू की गई महिलाओं को फिलहाल सुरक्षा के तहत महिला पुलिस की निगरानी में रखा गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



Subscribe Our Channel











