जनता की समस्याओं पर आयुक्त ने दिखाया गंभीर रुख, तुरंत निस्तारण

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल समस्या, दिव्यांग प्रमाण पत्र और विद्युत बिल से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी निवासी देवनाथ मिश्रा ने पेंशन संबंधी समस्या रखी, जिसे मौके पर ही हल कराया गया। जेल रोड हल्द्वानी की दुर्गा कोरंगा के पारिवारिक विवाद को सुलह-समझौते के माध्यम से तुरंत सुलझाया गया।

लोहरियासाल ऊंचापुल की सुनीता सागुड़ी और मल्ला ऊंचापुल की जयश्री जोशी ने संपत्ति बंटवारे और भूमि विवाद के मामले उठाए। आयुक्त ने तहसीलदार हल्द्वानी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

ओखलकांडा के त्रिलोचन ने दिव्यांग प्रमाण पत्र न मिलने की शिकायत की। आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराया, जिस पर शिकायतकर्ता ने आभार व्यक्त किया।

बाजपुर की नसीमा ने ब्याज पर ली गई धनराशि लौटाने के बावजूद गिरवी रखी भूमि के दस्तावेज न लौटाने की शिकायत की। आयुक्त ने तहसीलदार और थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि संबंधित महिला को उसी दिन दस्तावेज लौटाए जाएं और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

लालकुआं के राम प्रसाद ने एक माह का 26 हजार रुपये का बिजली बिल मिलने की शिकायत की। जांच में मीटर दोषपूर्ण पाया गया और बिल 8 हजार रुपये संशोधित कर उपभोक्ता द्वारा जमा कराया गया।

लामाचौड़ की राधा बिष्ट ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा न मिलने की शिकायत की। नया बाजार के आदेश कुमार टंडन ने ऋण चुकाने के बावजूद बंधक भूमि मुक्त न होने की समस्या बताई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के आदेश दिए।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।