हल्द्वानी। महिलाओं के साथ हो रहे अपराध, महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी प्रकरण और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर जिला-महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को होटल सौरभ में प्रेस वार्ता की। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण में अब तक उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब सामने रखने की मांग की।
सुमित हृदयेश ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों को देखते हुए महिलाओं के खिलाफ अपराध चिंता का विषय हैं और उत्तराखंड में महिला सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि घटना को चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन परिवार और प्रदेश की जनता के कई सवाल अभी भी उठ रहे हैं। उन्होंने रिसॉर्ट पर हुई कार्रवाई, साक्ष्यों को लेकर उठी आशंकाओं और सदन में चर्चा में आए कथित वीआईपी से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जानकारी सामने रखने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी मामले को उग्र बनाने के बजाय पारदर्शी, निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रही है। उनका कहना था कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। अंकिता प्रकरण को लेकर आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस और सामाजिक संगठनों की ओर से भी न्याय और पारदर्शी जांच की मांग उठाई गई।
विधायक ने हल्द्वानी और नैनीताल जिले से जुड़े सड़क, यातायात, स्वास्थ्य, रोजगार, शिक्षा, पेयजल और नगर की आधारभूत सुविधाओं के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार को ठोस कार्ययोजना के साथ जवाब देना चाहिए। UPI भुगतान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान आम लोगों और छोटे कारोबारियों के दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका है। ऐसे में UPI से जुड़े किसी संभावित शुल्क या नियम में बदलाव की स्थिति में सरकार और संबंधित संस्थाओं को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, ताकि लोगों के बीच भ्रम की स्थिति न बने और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को धरातल पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए और अंकिता भंडारी प्रकरण सहित जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, किरण माहरा, जाकिर हुसैन, भागीरथी बिष्ट, मधु सांगुड़ी, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, नरेश अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, जगमोहन चिलवाल, दीप चंद्र पाठक, दिवेश तिवारी समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel











