हल्द्वानी। रामपुर रोड पर बेलबाबा से आगे देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित बाइक सड़क से नीचे झाड़ियों में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने झाड़ियों में बाइक पड़ी देखी तो पास ही दो युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले गई। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा देर रात होने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक बाइक सड़क से काफी दूर नीचे झाड़ियों में गिरी थी। बाइक का नंबर यूके 06 बीएन 8480 बताया गया है। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बाइक के नंबर और अन्य माध्यमों से दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उनके स्वजन तक हादसे की सूचना पहुंचाने के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।



Subscribe Our Channel











