टेंट हाउस में लगी आग, रिहायशी मकानों तक फैलने का खतरा टला

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में बीती देर रात एक टेंट हाउस (शामियाने के सामान) में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और देखा कि आग नरेन्द्र टेंट हाउस (मालिक: नरेन्द्र कुमार) के प्लॉट में इकट्ठा किए गए टेंट, लकड़ी के फोल्डिंग टेबल, बर्तन, भट्टियां, मैट, रजाई-गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान में लगी थी। आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन से अतिरिक्त फायर टेंडर और अन्य यूनिटें भी बुलाई गईं। फायर ब्रिगेड ने लगभग 30,000 लीटर पानी का प्रयोग कर आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आसपास के रिहायशी मकानों तक आग फैलने से बच गए। सौभाग्यवश इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) किशोर उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक दृष्टि में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के सही कारण और हुई क्षति का आकलन कर रही है।