नैनी झील में फिर मिला शव! मौत के कारणों पर सस्पेंस

9
खबर शेयर करें -

नैनीताल में नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव बरामद होने की घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। शनिवार सुबह झील में एक अधेड़ व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को झील से बाहर निकाला। बाद में शव की शिनाख्त ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय स्थानीय लोगों ने झील में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र चौहान के रूप में की।

मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार देर रात करीब एक बजे शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रातभर रिश्तेदारों और परिचितों के साथ संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद शनिवार सुबह झील से शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

गौरतलब है कि नैनी झील से यह लगातार दूसरे दिन शव बरामद हुआ है। इससे एक दिन पहले भी स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव झील से मिला था। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से शहर में चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।