उत्तराखंड में भाई दूज का पर्व मनाकर घर लौट रही मां-बेटी की यात्रा दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। बुधवार देर रात अल्मोड़ा जिले के सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के समीप बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर से गांव में शोक छा गया है।
बताया जा रहा है कि मां-बेटी भाई दूज मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो से वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। रात के अंधेरे में हुए हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल पाई, जिससे राहत एवं बचाव कार्य भी तत्काल शुरू नहीं हो सका।
गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण शवों को बाहर निकालने में बचाव टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पर्व की खुशियां मनाकर लौट रही मां-बेटी की मौत से हरड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है।




Subscribe Our Channel











