उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के संक्रमण को देखते हुए सतर्क हो गया है। संभावित खतरे से निपटने के लिए शासन ने प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रभावित देशों से भारत लौटने वाले यात्रियों की 21 दिनों तक निगरानी की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, विशेष एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने को कहा गया है।
चिकित्सा विभाग के सचिव के निर्देशों के अनुसार, जिला सर्विलांस इकाइयों को पोर्टल के माध्यम से प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संभावित संक्रमण से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने और पीपीई किट, एन-95 मास्क सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश को समर्पित आइसोलेशन अस्पताल के रूप में चिह्नित किया है। वहीं, संदिग्ध मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी 21 दिनों तक निगरानी की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित मामले में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
विभाग ने प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के बाद 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। यदि इस दौरान बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देते हैं तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें और अपनी विदेश यात्रा की पूरी जानकारी साझा करें।
इधर, विभागीय सूत्रों के अनुसार काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 15 से अधिक परिवारों के सदस्य दक्षिण अफ्रीका में रहते हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी व्यक्ति पिछले एक माह के दौरान भारत नहीं लौटा है। ऐसे में फिलहाल काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में इबोला संक्रमण का कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अचानक तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, थकान, मांसपेशियों और शरीर में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त और पेट दर्द इबोला संक्रमण के संभावित लक्षण हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में मसूड़ों या नाक से खून आना, आंखें लाल होना, त्वचा पर लाल धब्बे पड़ना तथा खून की उल्टी या मल में खून आने जैसी शिकायतें भी हो सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आइसोलेशन में रहना चाहिए।
स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। कुमाऊं मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (सीएमएस) को निगरानी रखने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




Subscribe Our Channel











