भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ-यमुनोत्री के कपाट

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही दोनों धामों में इस वर्ष की तीर्थयात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई, जबकि मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली गांव पहुंचेगी।

केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में बंद किए गए। कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक परंपराएं पूरी करने के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। बाबा केदार के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना किया गया।

कपाट बंद होने के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी और चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।

वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भी भैयादूज के अवसर पर बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। यमुनोत्री मंदिर समिति के अनुसार, कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में निर्धारित किया गया था। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव स्थित प्राचीन मंदिर पहुंचेगी।

यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि धाम के कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। इस तरह दोनों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही शीतकालीन धार्मिक परंपराओं की शुरुआत हो गई है।