उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने काशीपुर के खड़गपुर देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। 30 अक्तूबर की देर शाम हुई इस कार्रवाई में टीम ने 3207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कीं। इनमें 2468 ट्रामाडोल और 739 अल्प्राजोलम की टैबलेट शामिल हैं। एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर उसे सील कर दिया गया।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में रेंज एसओटीएफ, आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। जांच के दौरान कृष्णा मेडिकल स्टोर से 2944 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। इसके संचालक रोहित कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
वहीं, राधिका मेडिकल स्टोर से 263 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। औषधि निरीक्षक ने स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की, जबकि तहसीलदार ने दुकान को सील कर दिया। आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




Subscribe Our Channel











