उत्तराखंड में एक हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया है। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर कथित तौर पर क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में छह यात्री सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। फिलहाल हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ से वापसी के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद पायलट से संपर्क साधने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच बचाव एवं खोज अभियान चलाने में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।
हादसे की सूचना के बाद संबंधित विभागों की टीमें अलर्ट हो गई हैं और हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सटीक परिस्थितियों और कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हेलीकॉप्टर में सवार छह यात्रियों और पायलट की स्थिति को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



Subscribe Our Channel











