उत्तराखंड में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रुद्रपुर में मामूली विवाद के बाद एक युवक की जान चली गई। रोडवेज के पास अमन टी-स्टॉल के सामने हुए विवाद में तीन युवकों पर राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसे मरणासन्न करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल राजेश ने शनिवार को बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश (पुत्र स्व. छोटे लाल) 30 अक्तूबर की रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्त सचिन रस्तोगी के साथ अमन टी-स्टॉल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि तभी बाइक से पहुंचे गौरव कुमार निवासी मेरठ, प्रेम प्रशांत निवासी रोहतक और चेतन वर्मा निवासी ट्रांजिट कैंप ने राजेश के साथ गालीगलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर तीनों ने राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। राजेश का राधिका अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गई।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सुनीता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के संबंध में सामने आए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।