मां के साथ स्कूल जाने की खुशी पलभर में मातम में बदली, तेज रफ्तार कार ने छीन ली दो जिंदगियां

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सितारगंज में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय महिला और उसकी छह वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए घर से निकली थी।

जानकारी के अनुसार, मीनू देवी अपनी बेटियों अंशिका और राधिका के साथ सितारगंज में आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। सुबह करीब 10:40 बजे किच्छा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अंशिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि नौ वर्षीय राधिका गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।