उत्तराखंड में फिर हिली धरती, लोगों में दहशत का माहौल

136
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक बार फिर धरती हिली है। रविवार दोपहर प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। झटके लगते ही लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े।

जानकारी के अनुसार, थराली और बागेश्वर की सीमा से लगे क्षेत्रों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 9 नवंबर (रविवार) को दोपहर 2 बजकर 40 मिनट 4 सेकंड पर 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र बिंदु बागेश्वर जिला था, और यह जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। झटके चमोली जिले के थराली और ग्वालदम इलाके में भी महसूस किए गए।

थराली क्षेत्र पहले ही आपदाओं का दर्द झेल चुका है। ऐसे में भूकंप के इन झटकों ने लोगों की चिंता और भय को एक बार फिर बढ़ा दिया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि “भूकंप का केंद्र बागेश्वर जिले में था और ग्वालदम क्षेत्र में इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। हालांकि, भूकंप से किसी प्रकार की क्षति की कोई सूचना नहीं है।”