उत्तराखंड में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रुद्रपुर जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार सुबह मोबाइल कारोबारी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमले में कारोबारी का छोटा भाई और दुकान का कर्मचारी भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी नितेश जोहरी (36) पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर तहरीर भी सौंपी थी।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले मारपीट की गई। मारपीट में उसका सिर फट गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान पीछे से चार हमलावर अस्पताल पहुंचे और नितेश जोहरी सहित वहां मौजूद अन्य लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान नितेश के सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है तथा मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
नितेश जोहरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




Subscribe Our Channel











