उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 13 नवंबर से प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते ठंड में भी इजाफा हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 15 नवंबर तक प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। इसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है और ठंड बढ़ सकती है।
वहीं, 16 और 17 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन दो दिनों में बारिश की संभावना कम है और मौसम साफ रह सकता है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रह सकता है।
इधर, शीतकाल और संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने अधिकारियों को मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखने और आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।




Subscribe Our Channel











