पहले महिला से मारपीट, फिर वाहन में डालकर फेंका शव; पुलिस ने तीन दबोचे

6
खबर शेयर करें -

रामनगर के ग्राम किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना से दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल तीन डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट (56) के रूप में की। महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले थे। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव को घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके दो साथी सैरान और मो. अब्बूजर को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोचा गया, जब वे शहर से फरार होने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल (32) निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21) निवासी खताड़ी और मो. अब्बूजर (22) निवासी खताड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।

कार्रवाई एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में की गई। एसएसपी ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम को 2,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।