उत्तराखंड के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सेना का एक जवान, उसकी पत्नी और तीन महीने की मासूम बेटी समेत दो अन्य परिवारों के सदस्य शामिल हैं। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कच्छ जिले के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड निवासी दो परिवार गुजरात घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी कार की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सात लोगों की जान चली गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गढ़वाल रेजिमेंट के जवान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाई (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका भी हादसे का शिकार हो गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेना के अधिकारी भुज के जीके जनरल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक साथ सात लोगों की मौत से उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।




Subscribe Our Channel











