उत्तराखंड में भीषण हादसा: जागर से लौट रहे तीन लोगों की मौके पर मौत

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन में तीन लोग सवार थे, जो नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र से जागर कार्यक्रम में शामिल होकर चमड़खान लौट रहे थे। रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

तहसीलदार बर्खा जलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और SDRF ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने वाहन में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में शवों को पुलिस को सौंप दिया गया।

मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी और 32 वर्षीय कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया गया कि तीनों लोग “जगरी” का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में जागर संपन्न कराने के बाद लौट रहे थे।