नंबर छिपाने के लिए लगाया नींबू-मिर्चः पुलिस की नजर पड़ी तो खुल गई चालाकी, कार पर भारी जुर्माना

5
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: यातायात नियमों का उल्लंघन करने और वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस की चेकिंग के दौरान कोई बाइक की पिछली नंबर प्लेट हटाकर सड़क पर दौड़ाता मिला तो किसी ने कार की फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर पंजीकरण नंबर छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 244 वाहनों के चालान किए और 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात और थाना पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली, जिसकी पिछली नंबर प्लेट गायब थी। वाहन की पहचान छिपाने के मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

इसी दौरान एक कार भी पुलिस के निशाने पर आई। चालक ने कार की आगे लगी फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगा रखी थी, जिससे वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार का 10,500 रुपये का चालान किया।

एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित नियमों के अनुसार नंबर प्लेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।