घूमने आए बच्चों के साथ हादसा, अचानक फेल हुए बस के ब्रेक, मचा हड़कंप

3
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को स्कूली बच्चों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती स्थित पीडब्ल्यूडी तिराहे पर बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे दीवार से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय बस में 30 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कवींद्र सजवान ने बताया कि बस संख्या UP 83 AT 8300 को जयप्रकाश निवासी ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद चला रहे थे। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं और शिक्षक सवार थे। सभी लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान और भ्रमण के लिए आए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने बस में मौजूद सभी 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। तीनों को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

घटना के बाद पुलिस ने स्कूली बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। बताया जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की तेज ढलान के चलते पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में इस स्थान पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।