हल्द्वानी में नाबालिग से दरिंदगी, पूर्व छात्रसंघ प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

6
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत मिलने के छह घंटे के भीतर नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने देर रात मुखानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डराकर होटल ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे आईटीआई गैंग से जुड़े हैं। मामले की कार्रवाई की निगरानी एसएसपी ने स्वयं की।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना और अन्य वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।