हल्द्वानी-रानीखेत मार्ग पर मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे देर रात एक कार में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार में हरियाणा के करनाल निवासी छह लोग सवार थे, जो रानीखेत की ओर जा रहे थे। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि सभी छह लोग समय रहते कार से बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जबकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी छह लोग कार संख्या HR 05BJ 7012 से रानीखेत आ रहे थे। देर रात उनकी कार रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर मॉलरोड स्थित चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंची, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। आग लगने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी कार धू-धूकर जलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी छह सवार तत्काल कार से बाहर निकल आए और घटना की सूचना 112 पर दी।
सूचना मिलते ही रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र ने बताया कि वाहन में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग बुझाई। रेस्क्यू अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे। सभी छह लोगों के सुरक्षित बच जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।




Subscribe Our Channel











