एक के बाद एक भूकंप के झटके! उत्तरकाशी से टिहरी तक कांपी धरती, सहमे लोग

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में रविवार की देर रात धरती दो बार कांपी। कुछ ही घंटों के अंतराल में उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई। तेज झटका महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक सहमे रहे। वहीं टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों स्थानों से अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

उत्तरकाशी में भूकंप का झटका देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर महसूस किया गया। यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई क्षेत्रों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। अचानक आए तेज झटके से लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने तुरंत परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को फोन कर भूकंप की जानकारी ली।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 रही। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है। तेज कंपन के कारण जिले के कई हिस्सों में लोगों ने भूकंप महसूस किया।

इसके बाद टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी धरती हिली। यहां सोमवार तड़के 2.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर बताई गई है। कम तीव्रता के इस भूकंप का असर सीमित रहा और किसी नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई।

उत्तरकाशी में भूकंप के बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने विभिन्न क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई। प्रशासन की ओर से भी हालात पर नजर रखी गई। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति सामान्य है और किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ घंटों के भीतर दो अलग-अलग क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस होने से पहाड़ी इलाकों में लोगों की चिंता जरूर बढ़ गई है।