प्रशासन का संशोधित आदेशः नैनीताल समेत भवाली-भीमताल में 23 सितंबर को स्कूल-कॉलेज बंद

6
खबर शेयर करें -

नैनीताल। ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन और विभिन्न नगर क्षेत्रों में प्रस्तावित डोला विसर्जन कार्यक्रमों को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने संशोधित आदेश जारी किया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए 23 सितंबर 2026 को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

नंदा देवी महोत्सव का 23 सितंबर को भव्य शोभायात्रा और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन के साथ विधिवत समापन होगा। इसके अलावा भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। धार्मिक आयोजनों के दौरान इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों में अवकाश का निर्णय लिया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी संशोधित आदेश में कहा गया है कि अवकाश का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही नगर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का अनुपालन नहीं करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।