स्कूल परिसर बना गंदे धंधे का अड्डा, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र में स्थित एक स्कूल परिसर के पीछे चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। देहरादून के थाना कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी को मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने पर एसएसपी ने सीओ सिटी के नेतृत्व में AHTU और कैंट पुलिस की टीम गठित कर किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को स्कूल के पीछे स्थित एक स्थान पर संदिग्ध गतिविधियां मिलीं, जहां तीन महिलाएं और कुछ पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और तीन पीड़ित महिलाओं को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने मौके पर मौजूद एक स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति पहले भी अनैतिक देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी युवतियों को नौकरी का झांसा देकर अलग-अलग राज्यों से देहरादून बुलाते थे और उनकी आर्थिक मजबूरियों का फायदा उठाकर उन्हें देह व्यापार में धकेल देते थे।

मामले में कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय पार्षद नंदिनी शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि क्षेत्र में युवतियों को रखकर देह व्यापार कराया जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित महिलाएं मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली की रहने वाली हैं, जो नौकरी की तलाश में देहरादून आई थीं।