उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की नगर पंचायत कपकोट के वार्ड संख्या सात में खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गडेरा क्षेत्र के वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा पुत्र सेवानिवृत्त सूबेदार मोहन सिंह कोरंगा, निवासी जालेख के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार तारा सिंह कोरंगा खीरगंगा नदी किनारे स्थित अपने आवास में अकेले रहते थे, जबकि उनके माता-पिता और पत्नी गांव में रहते हैं। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची अपने बरामदे में आई। इसी दौरान उसकी नजर नदी किनारे पड़े तारा सिंह के शव पर पड़ी। बच्ची ने तुरंत इसकी जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया गया कि तारा सिंह कोरंगा अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनकी एक बेटी का विवाह हो चुका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया है। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।



Subscribe Our Channel











