स्टेटस ने खोला चोरी का राज! नौकरानी के गहने पहनते ही हुआ बड़ा खुलासा

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के दून आईटी पार्क क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के घर से लाखों रुपये के सोने और हीरे के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। करीब एक साल पुरानी इस घटना में अब सोशल मीडिया के जरिए बड़ा खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता नितिशा वत्स, निवासी सिक्का किमाया ग्रीन, दून आईटी पार्क ने बताया कि जब वह दून रिपब्लिक अपार्टमेंट, भागीरथी पुरम जाखन में रहती थीं, तब उनके घर से दो हीरे जड़ित अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक हीरे का पेंडेंट चोरी हो गया था। घटना के बाद उन्हें अपनी घरेलू नौकरानी विमला देवी पर संदेह हुआ, लेकिन पूछताछ में उसने आरोपों से इनकार कर दिया।

नौकरानी ने उस समय खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही, जिससे पीड़िता को उस पर संदेह कम हो गया। हालांकि, बाद में पीड़िता ने घर में कई बार गहनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मामले में नया मोड़ तब आया जब 29 जून को पीड़िता ने विमला देवी का व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील देखा, जिसमें वह कथित तौर पर वही गहने पहने नजर आई। इसके बाद पीड़िता को यकीन हो गया कि गहने उसी ने चोरी किए हैं।

पीड़िता ने 29 जून को जाखन पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी, लेकिन शुरुआत में कार्रवाई नहीं हो सकी। बताया गया कि चौकी में उस समय महिला कांस्टेबल उपलब्ध नहीं थी। बाद में मामला राजपुर थाना पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने नौकरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।