उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा एक्शन, अवैध ढांचा गिराया गया

116
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में अवैध मजारों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नानकमत्ता थाना क्षेत्र में नानक सागर डैम के किनारे सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार संरचना को प्रशासन ने हटा दिया।

यह कार्रवाई पुलिस, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार तड़के की गई। प्रशासन ने यह कदम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत उठाया।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर संबंधित संरचना को लेकर लगभग एक माह पूर्व नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, संबंधित पक्ष की ओर से भूमि स्वामित्व से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटा दिया।

प्रशासन के अनुसार ध्वस्तीकरण के दौरान संरचना के नीचे किसी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर हुए सभी अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और कई अन्य संरचनाओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में अब तक लगभग 12 हजार एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई जा चुकी है। इसके अलावा 593 अवैध मजारों और 42 अन्य धार्मिक संरचनाओं को भी हटाया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।