मंदिर के बाहर दिखा मांस का टुकड़ा, सच्चाई जानकर शांत हुआ मामला

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब हल्द्वानी टैम्पो स्टैंड के पास स्थित हनुमान मंदिर के बाहर सुबह-सुबह मुर्गे का कटा हुआ सिर दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग भी वहां पहुंच गए और मामले की जांच की मांग करने लगे।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी और किच्छा कोतवाल प्रकाश दानू के नेतृत्व में पुलिस ने हालात को संभाला और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

जांच के दौरान सामने आया कि मंदिर के बाहर किसी शरारती तत्व ने मुर्गे का सिर नहीं रखा था। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक कुत्ता मुंह में मांस का टुकड़ा लेकर घूम रहा था और उसी दौरान वह टुकड़ा मंदिर के बाहर गिर गया। इसी को देखकर लोगों ने गलत अंदेशा लगा लिया था।

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को फुटेज दिखाकर पूरी स्थिति स्पष्ट की, जिसके बाद माहौल शांत हो गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी घटना पर बिना पुष्टि के अफवाह न फैलाएं और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। त्वरित जांच और सतर्कता के चलते संभावित तनाव को समय रहते टाल दिया गया।