किराए के मकान पर बवाल: 3 लड़के–2 लड़कियों को लेकर भारी हंगामा

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला इलाके में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक किराये के मकान में तीन युवकों और दो युवतियों के साथ रहने की सूचना पर आपत्ति जताई।

सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, मकान में मौजूद युवतियां देहरादून में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जबकि साथ रह रहे युवक भी छात्र बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों और युवतियों से पूछताछ की और मामले पर आपत्ति जताई।

पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी पहचान आकिब (गुरुग्राम), कबीर (मुरादाबाद) और एल्फेंस (ऊधमसिंहनगर) के रूप में बताई, जबकि युवतियों ने स्वयं को हल्द्वानी और चमोली की निवासी बताया।

पुलिस ने तीनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, जबकि युवतियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें कुछ दावे किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मकान और मोबाइल फोन से जुड़े दावों की भी जांच की जा रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। मामले की जांच जारी है।