उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। विभाग में समूह ‘घ’ के कर्मचारियों और वाहन चालकों के लिए कनिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नति का रास्ता खुल गया है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने कनिष्ठ सहायक के 49 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए पात्र कर्मचारियों से आवेदन मांगे हैं।
महानिदेशालय की ओर से 7 अगस्त को जारी आदेश में सभी जनपदों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पात्र कर्मचारियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इससे लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आदेश के अनुसार पदोन्नति के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पद निर्धारित किए गए हैं। हाईस्कूल उत्तीर्ण समूह ‘घ’ कर्मचारियों के लिए 15 प्रतिशत कोटे के तहत 29 पद रखे गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण समूह ‘घ’ कर्मचारियों के लिए 10 प्रतिशत कोटे में 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा विभाग में कार्यरत हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण वाहन चालकों के लिए भी कनिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नति का अवसर दिया गया है। वाहन चालकों के लिए 5 प्रतिशत कोटे के तहत 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
इस तरह कुल 49 रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग की ओर से पात्र कर्मचारियों से निर्धारित समय और प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने को कहा गया है। पदोन्नति की इस प्रक्रिया से समूह ‘घ’ कर्मचारियों और वाहन चालकों को अपने सेवाकाल में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।