उत्तराखंडः इस इलाके में स्कूलों में दो दिन छुट्टी

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और उन्हें रोकने के प्रयास भी असरदार साबित नहीं हो रहे हैं। इसी बीच कोटद्वार के विकासखंड एकेश्वर की मवालस्यूं पट्टी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक दो गुलदार स्कूल परिसर में पहुंच गए।

घटना के वक्त विद्यालय में प्रार्थना सभा चल रही थी और शिक्षक सहित कई छात्र-छात्राएं प्रार्थना स्थल पर मौजूद थे। तभी गांव के वाहन चालक शुभम रावत, जो टैक्सी कैब से वहां से गुजर रहे थे, ने स्कूल की चहारदीवारी के पास दो गुलदारों को देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया और कार का हॉर्न बजाया।

ग्रामीणों के शोर और वाहन के हॉर्न की आवाज सुनकर दोनों गुलदार वहां से भाग निकले। सहायक अध्यापक विकास चंद्र कैंथोला ने बताया कि जैसे ही गुलदारों के स्कूल में घुसने की सूचना मिली, बच्चों को तुरंत सुरक्षित रूप से कक्षाओं में पहुंचाया गया। इस दौरान छात्र काफी सहमे हुए नजर आए।

घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन ने सोमवार और मंगलवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।