उत्तराखंड में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, सुरक्षा, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में भाग लेने वाले देश-विदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की नदियां, झीलें और पर्वतीय क्षेत्र एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं। राज्य सरकार खेल और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार निवेश कर रही है, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजन खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, यातायात, चिकित्सा और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel











