गौला और नंधौर में प्रशासन का बड़ा फैसलाः 481 खनन वाहनों का हुआ नामांतरण

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। गौला और नंधौर नदी में खनन कार्य से जुड़े वाहन स्वामियों को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर खनन वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करते हुए कुल 481 वाहनों का नामांतरण किया गया है। इनमें गौला नदी के 431 और नंधौर नदी के 50 वाहन शामिल हैं।

जिला प्रशासन की ओर से खनन समिति के माध्यम से यह कार्रवाई की गई। लंबे समय से स्वामित्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे वाहन स्वामियों को इससे राहत मिली है। खास बात यह है कि जिन वाहन स्वामियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके वाहनों का स्वामित्व भी नियमानुसार आश्रितों के नाम पर स्थानांतरित किया गया है।

इस पहल से मृतक वाहन स्वामियों के परिवारों को भी बड़ी सुविधा मिली है। स्वामित्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित वाहन स्वामी और उनके आश्रित नियमानुसार वाहनों का संचालन कर सकेंगे। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को खनन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।