नैनीताल। मेहरागांव में देर रात दीवार निर्माण के दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूर नेपाल के निवासी थे। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने मौके पर हंगामा किया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मेहरागांव में दीवार बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल मजदूर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में दो मजदूरों की मौत से आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल पर हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि दीवार निर्माण के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण दो मजदूरों की मौत हुई है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि काम के दौरान संभावित खतरे से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरती गई थीं या नहीं।




Subscribe Our Channel











