महिला सुपरवाइजर से मारपीट-छेड़छाड़ः CCTV में कैद हुई शर्मनाक वारदात

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलौर क्षेत्र में दवाई कंपनी में कार्यरत महिला सुपरवाइजर के साथ कथित तौर पर मारपीट, छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता रुड़की के कृष्णानगर की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला गुरुवार सुबह अपनी ड्यूटी के लिए दवाई कंपनी जा रही थी। कंपनी मंगलौर क्षेत्र में झबरेड़ा मार्ग पर स्थित है। आरोप है कि रास्ते में हिमांशु, तनू, उदित समेत करीब पांच अन्य अज्ञात लोगों ने महिला को जबरन रोक लिया।

महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। इस दौरान उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता और छेड़छाड़ की गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें मारपीट की वारदात कैद होने की बात कही जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ ही महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।